विश्व पर्यावरण दिवस पर वन स्टॉप सेंटर बरेली में हुआ पौधारोपण, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को मिला जनसमर्थन
बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को वन स्टॉप सेंटर बरेली में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती मोनिका राणा द्वारा सेंटर परिसर में पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
इसके बाद वन स्टॉप सेंटर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे रोपे तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया।
वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि यह हमारी माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी एक सुंदर माध्यम है।
कार्यक्रम का समापन पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल के संकल्प के साथ किया गया।