AMU कैंपस में डॉक्टर से बदसलूकी, धमकी देने वाले दो छात्र गिरफ्तार
अलीगढ़ (जे.आई.न्यूज़):
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय परिसर में एक डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों को रविवार शाम विश्वविद्यालय के सुलेमान हॉल से पकड़ा गया।
घटना 14 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है। अमरोहा के गजरौला क्षेत्र निवासी डॉ. कुलवंत सिंह अपनी महिला मित्र (AMU की बीटेक छात्रा) से मिलने कैंपस पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब वे ई-रिक्शा से वापस लौट रहे थे, तभी चार युवकों ने उन्हें रोककर अभद्रता शुरू कर दी।
डॉक्टर के अनुसार, आरोपियों ने फोन कर अपने करीब 30 साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद भीड़ ने उन्हें घेर लिया। एक युवक ने खुद को एमटेक सेकेंड ईयर का छात्र बताते हुए लगातार गाली-गलौज की। डॉक्टर का आरोप है कि भीड़ ने सांप्रदायिक टिप्पणी करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। करीब आधे घंटे तक उन्हें घेरकर रखा गया, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी।
मौके पर विश्वविद्यालय की प्रॉक्टर टीम पहुंची और डॉक्टर को सुरक्षित बाहर निकालकर प्रॉक्टर कार्यालय ले गई। बाद में पुलिस भी पहुंची और उन्हें सुरक्षित भेजा गया।
डॉ. कुलवंत सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान की—शाहबाज इजहारुल हक (एमटेक छात्र, गाजीपुर निवासी) और नजीब हसीब (बीटेक छात्र, बरेली निवासी)। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
यह घटना कैंपस में बाहरी लोगों के साथ व्यवहार और सांप्रदायिक टिप्पणियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।