विश्व पर्यावरण दिवस पर पीलीभीत में 7.20 लाख पौधारोपण का लक्ष्य, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों को दिए निर्देश
पीलीभीत (जे.आई. न्यूज़): आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और व्यापक वृक्षारोपण अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने जानकारी दी कि शासन स्तर से जनपद पीलीभीत को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 7 लाख 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालय परिसरों, खाली पड़ी सरकारी भूमि, तालाबों एवं नदियों के किनारों पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल औपचारिक आयोजन न होकर जनभागीदारी का उत्सव बने। इसके लिए युवाओं, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार करे और लगाए गए पौधों के संरक्षण की भी जिम्मेदारी सुनिश्चित करे।
बैठक में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण, प्लास्टिक उन्मूलन अभियान, पर्यावरण संरक्षण की शपथ तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाए जाएं, ताकि हर नागरिक पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझ सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, डीसी मनरेगा, उपायुक्त स्वतः रोजगार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक निबंधक सहकारिता, जिला पूर्ति अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।