बदायूं: मासिक अपराध समीक्षा बैठक में SSP अंकिता शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस लाइन्स सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आईजीआरएस शिकायतों तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, लुटेरों, चोरों, हिस्ट्रीशीटरों, टॉप-10 अपराधियों एवं इनामी बदमाशों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई और अपहृताओं की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।
आईजीआरएस एवं अन्य शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए एसएसपी ने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनी जाएं। लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों तथा न्यायालयी सम्मन-वारंटों के शीघ्र निष्पादन के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्र निर्माण एवं बिक्री, गोकशी, जुआ-सट्टा और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा गया। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने शासन के मिशन शक्ति फेज-5.0, ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन दहन तथा अन्य अभियानों की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) का लक्ष्य तभी संभव है जब जनता और पुलिस मिलकर इसे जनआंदोलन का रूप दें।”
बैठक के अंत में हाल ही में सम्पन्न हुए सोमवती अमावस्या पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।