यूपी के डीजी जेल पीसी मीना का रामपुर जेल का आकस्मिक निरीक्षण, हड़कंप ! विभिन्न व्यवस्थाओं का आँखों देखा हाल जाना कारागार चीफ ने ! दिल्ली ब्लास्ट के बाद एक्शनमोड में महानिदेशक
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। दिल्ली कार बम ब्लास्ट को लेकर उत्तर प्रदेश की जेलों में हाई अलर्ट के बीच डीजी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवायें पीसी मीना गुरुवार को रामपुर पहुंचे। डीजी पीसी मीना ने जिला कारागार रामपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिला कारागार की बैरकों में डीजी ने आकस्मिक सर्च अभियान चलवाया। महानिदेशक ने संचालन व नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी प्रणाली का अवलोकन कर व्यवस्थायें परखीं। डीजी ने महिला बैरक में निरुद्ध महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों को कारागार प्रशासन की ओर से दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं शैक्षिक कार्यक्रमों, भोजन, खेलकूद गतिविधियों आदि के संबंध में जानकारी ली। महिला अहाते में महिलाओं के लिए उपलब्ध शुद्ध पेयजल, आरओ सिस्टम, वाटर कूलर, शौचालय समेत अन्य व्यवस्थायें चेक कीं। डीजी ने अहाते की साफ सफाई देखी साथ ही महिला बंदियों को दिए जा रहे बिस्तर,कपड़े इत्यादि व्यवस्थायें चेक कीं। कारागार पाकशाला निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने भोजन की गुणवत्ता चेक की। यहाँ के बाद डीजी ने किशोर बंदियों की बैरक और कारागार चिकित्सालय का रूख किया। उपचाराधीन बंदियों से उनकी हेल्थ के बारे मे जानकारी लेने के साथ ही उन्हें मिल रहीं चिकित्सा सुविधाओं के बारे में मालूमात की। बंदियों को स्वावलम्बी बनाने के लिये चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों कारचोब आदि के बाबत जानकारी ली। जिला कारागार पे तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से वार्तालाप कर उनकी समस्यायें जानीं। जेल अधीक्षक राजेश यादव, जेलर सुनील कुमार सिंह सहित अन्य जिम्मेदारों को डीजी पीसी मीना ने कड़े निर्देश दिए हैं कि जीरो टॉलरेंस पॉलिसी का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। ग्राउंड पे उतर जेलों का आकस्मिक दौरा कर रहे डीजी मीना ऊँची पकड़ की अकड़ वाले कई गैर जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ एक्शन ले चुके हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।