रुद्रपुर में यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम
ऊधम सिंह नगर (जे.आई.न्यूज़): जनपद के पुलिस कप्तान अजय गणपति के निर्देशन में जनपद की यातायात पुलिस रुद्रपुर द्वारा महाविद्यालय के छात्रों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वाहन संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को ओवर स्पीडिंग, गलत तरीके से ओवरटेकिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने जैसी लापरवाहियों से होने वाले गंभीर हादसों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान गुड सेमेरिटन कानून की भी जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नेक लोगों को कानून द्वारा दिए गए संरक्षण एवं अधिकारों के बारे में छात्रों को विस्तार से अवगत कराया गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से सुरक्षा प्रदान की जाती है।
यातायात पुलिस ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।