17 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला, 10 मतदान केंद्रों पर 3,935 मतदाता करेंगे, बोटिंग कल
बदायूं, 22 अक्टूबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री और मतपेटिकाएं देकर रवाना किया गया। सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर पहुंच गई हैं। मतदान शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
जिलाधिकारी अवनीश राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।
10 मतदान केंद्रों पर 3,935 मतदाता
जनपद बदायूं में कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,935 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें बदायूं नगर पालिका परिषद में 1,308, बिल्सी में 309, बिसौली में 304, आसफपुर में 133, वजीरगंज में 157, सहसवान में 180, इस्लामनगर में 358, उझानी में 583, म्याऊं में 407 और दातागंज में 196 मतदाता शामिल हैं।
17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर, भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लों समेत कुल 17 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान के बाद मतदाताओं के फैसले से प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का निर्धारण होगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता और व्यवस्था के अनुसार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पीएसी बल की भी तैनाती की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों को पांच जोन में बांटा गया है तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।
डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
जिलाधिकारी अवनीश राय ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें तथा मतदान की गोपनीयता, निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करें।