अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ससुराल जाते समय बुझ गया घर का चिराग
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान-इस्लामनगर मार्ग पर देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू किए। बाद में मृतक की पहचान संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के खेड़ा फतेहपुर गांव निवासी दीपक पुत्र कालीचरण के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक, देर रात पीआरवी पुलिस को सहसवान-इस्लामनगर मार्ग पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल पर उसकी क्षतिग्रस्त हीरो स्प्लेंडर बाइक भी पड़ी थी। बाइक की नंबर प्लेट पर नंबर नहीं होने के कारण पुलिस को मृतक की पहचान करने में परेशानी हुई। हालांकि, युवक के हाथ पर लिखे नाम के आधार पर पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच के बाद मृतक की पहचान दीपक (30) पुत्र कालीचरण के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, दीपक अपने घर से इस्लामनगर थाना क्षेत्र के राजथल गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।