सहसवान में अवैध प्लॉटिंग पर नगर पालिका की सख्ती, लोगों को निवेश से पहले सतर्क रहने की सलाह
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) बताते चलें सहसवान नगर पालिका परिषद सहसवान ने शहर में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता के लिए सार्वजनिक चेतावनी जारी की है। पालिका ने कहा है कि बिना अनुमति काटी जा रही कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, अन्यथा होने वाले नुकसान के लिए खरीदार स्वयं जिम्मेदार होगा।
पालिका प्रशासन के अनुसार, शहर की सीमा में कुछ प्रॉपर्टी डीलर और व्यक्ति बिना वैध अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं। इन कॉलोनियों में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे भविष्य में जलभराव और अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि ऐसी अवैध कॉलोनियों में न तो भवन मानचित्र स्वीकृत किए जाएंगे और न ही जल निकासी या अन्य नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी पालिका की होगी। इसलिए किसी भी प्लॉट या दुकान की खरीद से पहले स्थल की वास्तविक स्थिति और सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें।
नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने संयुक्त अपील में नागरिकों से जनहित में अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ शासन के नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।