सहसवान पत्रकार एसोसिएशन ने एसडीएम एवं चिकित्साधिकारी CHC सहसवान क़ो ज्ञापन देकर, कार्रवाई की मांग की
जगत पाल यादव
बदायूँ (जे.आई. न्यूज़) जनपद के सहसवान पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आज दिनांक 17 जून क़ो 2026 क़ो सहसवान उपजिलाधिकारी रिपुदमन सिंह एवं चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान (सीएचसी) प्रभारी प्रशांत त्यागी को शिकायती पत्र सौंपकर क्षेत्र में संचालित अवैध जच्चा-बच्चा केंद्रों और अस्पतालों के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि सहसवान क्षेत्र में वर्तमान समय में दर्जनों की संख्या में अवैध रूप से जच्चा-बच्चा केंद्र एवं अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं। इन अस्पतालों में प्रसव ऑपरेशन और विभिन्न गंभीर बीमारियों के उपचार के दावे किए जाते हैं जबकि अधिकांश संस्थानों में न तो योग्य चिकित्सक मौजूद हैं और न ही आवश्यक चिकित्सीय उपकरण उपलब्ध हैं। कई अस्पतालों के पास वैध पंजीकरण तक नहीं है और बिना मानकों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
सहसवान पत्रकार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि ऐसे अस्पतालों की लापरवाही के चलते कई गर्भवती महिलाओं की जान खतरे में पड़ चुकी है तथा असुरक्षित प्रसव के कारण कई महिलाओं की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद संबंधित अस्पताल संचालक मरीजों को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े बैनरों पर एमबीबीएस और अन्य डिग्रीधारी चिकित्सकों के नाम प्रदर्शित कर रहे हैं शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि पूर्व में प्रशासन द्वारा एक अस्पताल को अवैध संचालन के आरोप में सील किया गया था लेकिन सीलिंग के कुछ ही दिनों बाद अस्पताल दोबारा संचालित होने लगा। इसे प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल बताया गया।
पत्रकार एसोसिएशन ने मांग की कि क्षेत्र में संचालित सभी निजी अस्पतालों जच्चा-बच्चा केंद्रों एवं नर्सिंग होमों की व्यापक जांच कराई जाए तथा अवैध रूप से संचालित संस्थानों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसी भी मरीज की जान से खिलवाड़ न हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।