महिला अपराध : यूपी के बरेली में दो सनसनीखेज वारदातें ! शेरगढ़ में एसिड अटैक ! सीबीगंज में हाईवे के पास मिली छात्रा की लाश ! एग्जाम देने के बाद से थी गायब ! एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक पहुंचे सीबीगंज
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी के बरेली जनपद से दो सनसनीखेज वारदातें सामने आयी हैं। ग्रामीण इलाका शेरगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एसिड अटैक की घटना हुई है। घर में सोते वक्त महिला, उसके पति और दो बच्चों पे एसिड अटैक किये जाने के संदर्भ में एफआईआर दर्ज की गयी है। प्रेमप्रसंग में एसिड अटैक की घटना अंजाम दिए जाने समेत अन्य एंगिल पर पुलिस तेजी से पड़ताल कर रही है। एसिड अटैक की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस टीमें लगी हैं। एसिड अटैक में गंभीर महिला उसके पति व दोनों बच्चों का उपचार जारी है। दूसरी घटना में बरेली के सर्किल टू अंतर्गत सीबीगंज इलाके में लखनऊ हाईवे के पास खेत से स्कूल ड्रेस पहनी युवती का शनिवार सुबह शव बरामद हुआ। एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी सिटी मानुष पारीक व फील्ड यूनिट संग मौके पे कई क्राइम एंगिल पर पड़ताल की। बरेली जिले के सभी थानों से लेकर आसपास जनपदों के थानों में मिसिंग चेक कराने के क्रम में पता चला कि ये शव शीशगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सोमपाल गंगवार की बेटी नीतू गंगवार का है। थाना फरीदपुर में उसकी गुमशुदगी दर्ज होना बताया गया है। दर्शन सिंह डिग्री कॉलेज में डीएलएड की छात्रा नीतू गंगवार छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज फरीदपुर में परीक्षा केंद्र होने के कारण इज्जतनगर थाना क्षेत्र निवासी अपने मौसा के घर कुछ दिनों से रह रही थी। मौसा के घर से ही परीक्षा देने फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज जाती थी। लास्ट परीक्षा देने के बाद शुक्रवार से ही नीतू गंगवार गायब थी। शव की शिनाख्त होने के साथ ही एसपी सिटी मानुष पारीक ने पुलिस टीमों के साथ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए इस मामले में कुछ संदिग्ध हिरासत में ले लिए हैं। संदिग्धों से पूछताछ के बाद अब जल्द ही घटना का खुलासा होगा। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।