सीएम योगी का होली गिफ्ट : यूपी के बरेली में 4 लाख 16 हजार से ज्यादा महिला लाभार्थियों को मिलेगी सरकारी सौगात ! डीएम अविनाश सिंह ने दिए बेहतर आयोजन के निर्देश ! होली के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ हो असरदार कार्रवाई
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी की महिला लाभार्थियों को प्रदेश सरकार होली के मौके पे शनिवार शाम बड़ी सौगात देगी। अपार खुशियों संग देश के सबसे बड़े राज्य की मातायें व बहनें होली त्योहार मना सकें, इसके लिए उज्जवला योजना के तहत प्रति पात्र दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल खुद मुख्यमंत्री 28 फरवरी शाम 4 बजे लोकभवन लखनऊ में वितरित करेंगे। महिला लाभार्थियों को सब्सिडी के चेक वितरित किए जाएंगे। प्रदेशभर की पात्र महिला लाभार्थियों को मिलने वाले इस लाभ के परिप्रेक्ष्य में जीआईसी बरेली में डीएम अविनाश सिंह की अगुवाई में सब्सिडी वितरण समारोह आयोजित किया जायेगा। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि उज्जवला लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जीआईसी ऑडिटोरियम बरेली में होगा। जनप्रतिनिधियों व अफसरों की मौजूदगी में बरेली के उज्जवला लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के चेक बांटे जायेंगे। डीएम अविनाश सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि समारोह सुव्यवस्थित रहे। समारोह में आने वाले लाभार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। डीएम के मुताबिक, बरेली में 4 लाख 16 हजार 736 उज्ज्वला योजना लाभार्थी हैं। केंद्र व राज्य सरकार की ओर से 894.48 रुपए प्रति कनेक्शन सब्सिडी दी जाती है। डीएम ने बताया कि होली त्योहार के चलते बरेली में 1759 उचित दर विक्रेताओं का दिसंबर माह का लाभांश 1 करोड़ 41 लाख 40 हजार 063 रुपए बैंक खातों में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। जल्द ही जनवरी माह का लाभांश 1 करोड़ 41 लाख 21 हजार 919 रुपए भी बैंक खातों में हस्तांतरित किया जायेगा। मुख्यमंत्री योगी के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन एक्शनमोड में है। इस बीच, डीएम बरेली अविनाश सिंह ने होली के मौके पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मिलावटखोरी प्रत्येक दशा में रोकी जाए। मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता ना हो।(जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।