जिला कारागार का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुन दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़/वीरेन्द्र रस्तोगी): जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों, अस्पताल तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए बंदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किशोर बैरक सहित अन्य बैरकों का निरीक्षण किया। इसके बाद कारागार अस्पताल पहुंचकर बीमार बंदियों से बातचीत की तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बंदियों के उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
बैरकों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी बंदियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक, जेलर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।