छुट्टी के दिन डीजी का इंस्पेक्शन : विजयदशमी पे भी अपनी ड्यूटी नहीं भूले सीनियर आईपीएस पीसी मीना ! डिस्ट्रिक्ट जेल हमीरपुर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थायें परखीं, दिखाए कड़े तेवर
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। विजयदशमी अवकाश के मौके पे भी यूपी के डीजी जेल पीसी मीना अपनी जिम्मेदारी निभाने फील्ड में निकल पड़े। कहते हैं ना कि जहाँ जायेगा रोशनी लुटायेगा, किसी चिराँ का अपना मकाँ नहीं होता। जेलों में पूर्ण सुरक्षित माहौल रहे। उच्च कोटि का अनुशासन हो, बंदी कल्याण मिशन आगे बढ़ता रहे, इस दिशा में पहले से ही सीनियर आईपीएस अफसर पीसी मीना संवेदनशील हैं ही। मंगलवार को डीजी पीसी मीना ने जिला कारागार हमीरपुर का औचक निरीक्षण किया। डीजी ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रहीं बुनियादी सुविधाओं के साथ ही विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कारागार अधीक्षक समेत अन्य मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। कड़क मिजाज डीजी मीना ने पुरुष बैरकों के इंस्पेक्शन के मध्य तलाशी अभियान चलवाया,जिसमें कोई निषिद्ध वस्तु नहीं मिली। महिला बैरक का जायजा लेने के दौरान वहाँ की व्यवस्थाओं का भी डीजी ने अवलोकन किया। मीना ने बंदियों से संवाद कायम करके कारागार में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उनकी समस्यायें भी जानीं। पाकशाला पहुंचे डीजी ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। डीजी ने कारागार चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। कारागार परिसर में चल रहे विभिन्न मरम्मत कार्यों का भी डीजी ने निरीक्षण किया। महानिदेशक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ बनाए रखने, परिसर में नियमित एवं प्रभावी साफ सफाई सुनिश्चित करने, बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा विभागीय दिशा निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इंस्पेक्शन के मौके पर जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा, जेलर प्रभाकान्त पाण्डेय, कारागार चिकित्साधिकारी डॉ शशांक सिंह, डिप्टी जेलर देवेन्द्र कुमार दुबे, श्रीमती सर्वेश कुमारी आदि कारागार अफसर मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।