पीलीभीत में नाला निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़): नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के निकट एक नाले का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में कमजोर गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि इसी नाले का निर्माण कार्य पिछले वर्ष भी कराया गया था। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब नाले का निर्माण एक वर्ष पहले ही हुआ था तो वह इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त कैसे हो गया। यदि पुराना निर्माण मानक के अनुरूप था तो दोबारा निर्माण की आवश्यकता क्यों पड़ी और आखिर किस आधार पर नए निर्माण का बिल पास किया गया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि एक ओर सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की बात करती है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के कार्यों में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े स्तर पर गड़बड़ी उजागर हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराता है या फिर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई के बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।