आईजीआरएस निस्तारण में बदायूं पुलिस पूरे प्रदेश में अव्वल
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) आपको बता दें जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण में जनपद बदायूं ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परचम लहराया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा माह अप्रैल 2026 के लिए जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में बदायूं पुलिस को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
मा0 मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए शासन स्तर पर प्रत्येक माह मूल्यांकन किया जाता है। अप्रैल 2026 की रिपोर्ट में बदायूं पुलिस ने सभी निर्धारित मानकों पर शत-प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश के 75 जनपदों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के 22 थानों में से 21 थानों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम श्रेणी में स्थान बनाया। मूल्यांकन के दौरान सन्दर्भों की मार्किंग, अग्रसारण, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारियों द्वारा श्रेणीकरण, मुख्यमंत्री कार्यालय श्रेणीकरण, रैंडम जांच, फील्ड विजिट रिपोर्ट तथा प्रोफाइल अपडेटेशन जैसे सभी मानकों पर बदायूं पुलिस को पूर्ण अंक प्राप्त हुए।
विशेष बात यह रही कि पूरे माह में कोई भी शिकायत डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं गई, जिसके चलते जिले को कुल 135 में से 135 अंक प्राप्त हुए। इस उपलब्धि के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार कम्बोज तथा आईजीआरएस यूनिट की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जनपद पुलिस की इस उपलब्धि को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जवाबदेही और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता का परिणाम माना जा रहा है।