सहसवान में करंट हादसे के पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए भाजपा नेता विक्रांत यादव, दी ₹50 हजार की आर्थिक सहायता
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) बताते चलें सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव सादपुर में बारात के दौरान हुए दर्दनाक करंट हादसे के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रांत यादव ने पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता की है। मंगलवार को वह मृतक अपिल यादव के घर पहुंचे, परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को ₹50,000 की आर्थिक मदद प्रदान की।
गौरतलब है कि रविवार देर रात करीब 12 बजे गांव में बारात निकाली जा रही थी। इस दौरान बारात में शामिल रंगशाला की ट्रॉली रास्ते में नीचे लटक रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। तार के संपर्क में आते ही पूरी ट्रॉली में करंट फैल गया। हादसे में अपिल यादव पुत्र धर्मपाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओम सहित 4 से 5 अन्य लोग झुलस गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद बारात की खुशियां मातम में बदल गईं।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विक्रांत यादव ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार अकेला नहीं है और हर संभव मदद की जाएगी।
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण नीचे लटक रही हाईटेंशन लाइन और रंगशाला की ट्रॉली की अधिक ऊंचाई माना जा रहा है। ऐसे हादसे लगातार सामने आने के बावजूद बारातों में ऊंची ट्रॉलियों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।