एचपीसीएल प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या, एडीजी-डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
बदायूं (जे०आई०न्यूज़ ) आपको बता दें थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति द्वारा प्लांट के दो अधिकारियों को गोली मारकर हत्या कर देने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम सैंजनी निवासी अजय प्रताप सिंह (34) पुत्र राजेश कुमार सिंह ने एचपीसीएल प्लांट के अंदर पहुंचकर प्लांट के दो अधिकारियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सुधीर गुप्ता (58) पुत्र दयाकिशन निवासी बी-1 वृंदावन रेजिडेंसी, बरेली और हर्षित मिश्रा (34) पुत्र सुशील कुमार निवासी मोहल्ला साहूकारा थाना पूरनपुर जनपद पीलीभीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर थाना मूसाझाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा और पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ने आरोपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।