बदायूं: सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव का निधन, जिले की राजनीति का एक युग समाप्त
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, सहसवान से पांच बार विधायक और पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव का गुरुवार को 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने अपने पैतृक गांव सिंघोला पुख्ता में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही सहसवान समेत पूरे बदायूं जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके आवास पर समर्थकों, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव सिंघोला पुख्ता में किया जाएगा।
मूल रूप से सिंघोला पुख्ता (वर्तमान संभल जनपद) के निवासी ओमकार सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जनता दल से की थी। वर्ष 1991 में वह पहली बार सहसवान विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। बाद में समाजवादी पार्टी में शामिल होकर उन्होंने क्षेत्र की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
वर्ष 1996 में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सहसवान विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। पार्टी हित में ओमकार सिंह यादव ने अपनी सीट छोड़ दी। चुनाव में मुलायम सिंह यादव सहसवान और गुन्नौर दोनों सीटों से विजयी हुए, लेकिन उन्होंने गुन्नौर सीट बरकरार रखते हुए सहसवान सीट से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद हुए उपचुनाव में ओमकार सिंह यादव दोबारा विधायक निर्वाचित हुए।
इसके बाद उन्होंने वर्ष 2002, 2012 और 2017 में भी सहसवान विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2012 में अखिलेश यादव सरकार में उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी।
राजनीति में आने से पहले वह जुनावई ब्लॉक के दो बार ब्लॉक प्रमुख रहे। जनता दल के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। पेशे से अधिवक्ता रहे ओमकार सिंह यादव अपनी सादगी, सहज व्यवहार और संगठन क्षमता के कारण सभी राजनीतिक दलों में सम्मानित नेता माने जाते थे।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सक्रिय चुनावी राजनीति से स्वयं को अलग रखते हुए अपने पुत्र ब्रजेश यादव को समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी बनाया। ब्रजेश यादव चुनाव जीतकर वर्तमान में सहसवान से विधायक हैं। इससे पहले वह जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं।
श्रद्धांजलि देने वालों का तांता
ओमकार सिंह यादव के निधन को जिले की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और हजारों समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। देर शाम तक उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा।