नमस्कार हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91-8273618080 , हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें | अन्य शहरों की ख़बरें देने के लिए एवं रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क कर सकते है मोबाइल नंबर : +91-8273618080

DM ऑफिस में गरजे रालोद नेता अनिल चौधरी | अवैध कब्जों पर कार्रवाई न होने से आंदोलन की चेतावनी

कार्रवाई करो, वरना घेरेंगे DM ऑफिस! रालोद का प्रशासन को अल्टीमेटम

 facebook     whatsapp    

पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी): शहर में बढ़ते अवैध कब्जों, नालों पर अतिक्रमण और जलभराव की समस्या को लेकर राष्ट्रीय लोकदल का आंदोलन तेज होता जा रहा है। 19 मई 2026 को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवार को एक बार फिर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

इस दौरान जिलाधिकारी किसी महत्वपूर्ण बैठक में व्यस्त होने के कारण प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं कर सके। इसके बाद रालोद कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर अपनी शिकायतों और मांगों को दोहराया। बातचीत के दौरान जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी और नगर मजिस्ट्रेट के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

अनिल चौधरी ने प्रशासन पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में अवैध कब्जे, नालों पर निर्माण और जलभराव की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मामले को टाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय लोकदल हजारों कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना देने को मजबूर होगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासन के खिलाफ नुक्कड़ सभाएं आयोजित करेंगे और आम जनता को इस मुद्दे से अवगत कराएंगे। रालोद नेताओं का कहना है कि यह केवल राजनीतिक नहीं बल्कि जनहित से जुड़ा मुद्दा है, जिससे शहर के व्यापारी, आम नागरिक और राहगीर प्रतिदिन प्रभावित हो रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 19 मई को राष्ट्रीय लोकदल के नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र रस्तोगी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राम स्वरूप पार्क क्षेत्र में अवैध कब्जों, स्टेशन रोड स्थित विशाल टाकीज के पास नालों पर अतिक्रमण तथा नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए थे। ज्ञापन में अवैध कब्जे हटाने, नालों की सफाई कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग की गई थी।

रालोद नेताओं का कहना है कि ज्ञापन दिए जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिसके कारण संगठन को दोबारा प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और शहरवासियों को अतिक्रमण एवं जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए क्या कार्रवाई करता है।

ज्ञापन सौंपने और प्रशासन से वार्ता के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी के साथ जिला महासचिव पुष्पेंद्र चौधरी, नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र रस्तोगी, नगर महासचिव/नगर प्रभारी सुनील वर्मा, नगर महासचिव राकेश श्रीवास्तव, नगर महासचिव नारायन गिरी महाराज, नगर उपाध्यक्ष मुन्ना लाल मौर्य, नगर सचिव जमशीद अली, मरौरी क्षेत्र के महासचिव वीरपाल, मरौरी उपाध्यक्ष रामचन्द्र, बीसलपुर विधानसभा अध्यक्ष अमन जाटव, आनन्द वासु, फहीम, गुलाब सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

whatsapp whatsapp