सहसवान में कोतवाली प्रभारी का एक्शन, अकबराबाद चौराहे से हटवाया अतिक्रमण
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान सहसवान नगर के अकबराबाद चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने खुद मोर्चा संभाला। शिकायत मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और चौराहे पर फैले अतिक्रमण को हटवाया।
आपको बता दें कि अकबराबाद चौराहे पर अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस प्रशासन कई बार मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से अतिक्रमण होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगती है।
आज इस समस्या की शिकायत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह से की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वह स्वयं चौराहे पर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाकर रास्ता साफ कराया।
पुलिस की इस कार्रवाई से चौराहे पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि अतिक्रमण की समस्या पर स्थायी रोक लगाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।