प्रदेशभर के DIG संग DG पीसी मीना ने की हाईलेवल समीक्षा मीटिंग ! महत्त्वपूर्ण विभागीय कामकाजों में हाई स्पीड लाने से लेकर जेलों की सुरक्षा व्यवस्था व अनुशासित माहौल की टॉप मॉनिटरिंग के सख्त निर्देश दिए महानिदेशक जेल ने
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी के डीजी जेल पीसी मीना ने प्रदेशभर के डीआईजी संग विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए हैं कि जेलों की सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन व महकमे के सभी महत्त्वपूर्ण कार्यों की मॉनिटरिंग पूरी जिम्मेदारी से की जाए। शुक्रवार को कारागार मुख्यालय लखनऊ में समस्त परिक्षेत्रीय कारागार उपमहानिरीक्षकों की समीक्षा बैठक में डीजी पीसी मीना ने कड़े तेवर दिखाये। जेलवार्डर संवर्गीय कार्मिकों की लंबित अपीलों, विभिन्न पदों पे पदोन्नति की स्थिति एवं मानव संपदा पोर्टल पर अभिलेखों के अद्यतन की समीक्षा की गई।उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ अधीक्षक व अधीक्षक स्तर पर लंबित विभागीय जांचों एवं शिकायतों, विशेषकर मानवाधिकार संबंधी प्रकरणों के निस्तारण की अद्यतन स्थिति पर खास चर्चा हुई। ईप्रिजन्स अर्ली रिलीज प्रोसेसिंग मॉड्यूल के प्रारंभ किए जाने की प्रगति की भी डीजी ने समीक्षा की। मीना की ओर से मातहत अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कारागार प्रशासन से जुड़े सभी कार्यों में प्रभावी अनुश्रवण एवं आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विभागीय व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। जेलों में अनुशासित माहौल की बात हो या फिर उच्च कोटि की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का टॉपिक हो, डीजी मीना ने लगातार समीक्षा बैठकों के दौरान संवेदनशीलता दिखाई है। जेलों में पलायन जैसी घटनाओं में बगैर देरी असरदार कार्रवाई की है। समय रहते पलायन करने वाले बंदियों की तलाश सुनिश्चित कराते हुए उन्हें कारागार महकमे के सख्त कानूनी चाबुक का अहसास कराया है। शुक्रवार की समीक्षा बैठक में भी डीजी मीना ने डीआईजी रेंज जैसे जिम्मेदारों को काफी कड़े दिशा निर्देश दिए हैं। डीजी की समीक्षा बैठक में अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन धर्मेन्द्र सिंह, डीआईजी प्रदीप कुमार, सुभाष चन्द्र शाक्य, कुन्तल किशोर, राजेश श्रीवास्तव, शैलेन्द्र मैत्रेय, डॉ रामधनी आदि मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।