सहसवान में दर्दनाक सड़क हादसा, गन्ने की ट्रॉली से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान कोतवाली के कछला सहसवान रोड गैस एजेंसी के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से शादी समारोह में शामिल होने नसीरपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सलमान पुत्र अआले नबी, निवासी चमनपुरा, थाना सहसवान और उनके साढ़ू मोहम्मद उमर पुत्र सुबराती निवासी हरनातकिया, थाना सहसवान के रूप में बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते सीएचसी सहसवान पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।