यूपी चुनाव 2027: समाजवादी पार्टी ने जारी की पांच उम्मीदवारों की सूची, अखिलेश यादव ने फूंका चुनावी बिगुल
लखनऊ (जे.आई.न्यूज़)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। 'होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान' के नारे के साथ जारी सूची में सहारनपुर जिले की दो, शामली, अमरोहा और ललितपुर की एक-एक विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।
पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों में बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर नगर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी का नाम शामिल है।

सपा की इस घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को अपने राजनीतिक नारे के केंद्र में रखा है। वहीं, कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच उम्मीदवारों की सूची सामने आने से राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है।
अब सभी की निगाहें समाजवादी पार्टी की अगली सूची और कांग्रेस के साथ गठबंधन की स्थिति पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि सपा किन अन्य सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करती है और गठबंधन की तस्वीर क्या रहती है।
जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़ | अजय रस्तोगी