157 घंटे महासफाई अभियान में सफाई मित्रों का सम्मान
जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़ | अजय रस्तोगी
बरेली। स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत नगर पालिका परिषद नवाबगंज द्वारा संचालित 157 घंटे महासफाई अभियान के अंतर्गत सफाई मित्रों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर की स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
नगर पालिका परिषद नवाबगंज की चेयरमैन प्रेमलता राठौर ने सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सफाई मित्रों के समर्पण और मेहनत की सराहना की।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नीरेंद्र सिंह राठौर ने भी सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में सभासद अजय कुमार, रामनिवास, अरविन्द कुमार, राजीव सक्सेना, खुर्शीद, रिजवान कैटान सहित नगर पालिका से जुड़े जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान गौतम, लालाराम, सनी, राजेश, गौतम, हर्ष सहित अन्य सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
157 घंटे महासफाई अभियान के तहत नगर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से नागरिकों से भी अभियान में सहभागिता करने की अपील की गई।