वृद्धाश्रम में कल मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस
जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़ । वीरेन्द्र रस्तोगी
पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को समाज कल्याण विभाग की ओर से आवासीय वृद्धाश्रम, ग्राम गुल्डा मचवाखेड़ा, विकासखंड बरखेड़ा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुमित यादव ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, कानूनविदों, चिकित्सकों, वरिष्ठ नागरिक समितियों के पदाधिकारियों एवं पेंशनर्स की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों को वस्त्र, फल एवं मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
‘SELFIE_WITH_GRANDPARENTS’ अभियान
विभाग द्वारा इसी अवसर पर ‘SELFIE_WITH_GRANDPARENTS’ अभियान भी संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी सहित वरिष्ठ नागरिकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके सम्मान और गरिमा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान में प्रतिभागी विभाग की वेबसाइट oldagehome.upsdc.gov.in पर उपलब्ध लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपने वरिष्ठजनों के साथ सेल्फी अपलोड कर सहभागिता कर सकते हैं। जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं कार्यालयों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।