सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाने स्कूल पहुंची यातायात पुलिस, विद्यार्थियों को किया जागरूक
देवनागरी इंटर कॉलेज उझानी में यातायात नियमों की दी जानकारी, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर जोर
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) नवंबर माह में चलाए जा रहे यातायात महा जागरूकता अभियान के तहत बदायूं यातायात पुलिस लगातार लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। इसी अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस की टीम देवनागरी इंटर कॉलेज उझानी पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क पर सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टीएसआई मुरारी लाल साहू ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों की जानकारी देते हुए सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने से बचने की भी हिदायत दी।
टीएसआई मुरारी लाल साहू ने विद्यार्थियों को समझाया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस या कानून के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।