यूपी के शाहजहाँपुर में सनसनीखेज-दुस्साहसिक जरायम : दो साधुओं की निर्मम हत्या ! मंदिर में लकड़ी की चिता बनाकर जला डाले शव ! जेल से छूटे अपराधी की निगरानी जीरो, हो गया डबल मर्डर ! लोगों में भारी आक्रोश
लखनऊ(धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में सनसनीखेज दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए मनबढ़ अपराधियों ने शिव मंदिर में दो साधुओं की निर्मम हत्या कर दी। डबल मर्डर की वारदात को अंजाम देने के साथ ही अपराधियों ने मंदिर में ही लकड़ी की चिता बनाकर शवों को जला दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है। जनपद शाहजहांपुर में खुदागंज थाना अंतर्गत सूथा गाँव में शिव मंदिर है। यहाँ शिव मंदिर के दो साधुओं बाबा गोपाल दास एवं बाबा बिहारी दास की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। दोनों साधुओं के शव लकड़ी की चिता बनाकर मंदिर परिसर में ही जला दिए गए। गुरुवार सुबह सात बजे गाँव वालों ने घटना जानकारी में आते ही पुलिस को सूचना दी। एसपी सौरभ दीक्षित ने घटनास्थल पहुंच मौका मुआयना किया है। घटना के बाबत विभिन्न बिन्दुओं पे पड़ताल जारी है। पूछताछ के लिए जेल से छूटे अपराधी समेत कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं। ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि मंदिर की जमीन पे कब्जा करने की नियत से घटना को अंजाम दिया गया है। हाल ही में जेल से छूटे अपराधी सुमित ने मंदिर की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर कुछ दिनों पहले दोनों साधुओं को धमकाया था कि शिव मंदिर छोड़ करके चले जायें, यहाँ अब उसका एकाधिकार रहेगा। दोनों साधु मंदिर की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का लगातार विरोध कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। हिरासत में लिए गए सुमित से पूछताछ जारी है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। ग्रामीणों में चर्चा है कि मंदिर की जमीन पे कब्जे के प्रयास का विवाद लोकल पुलिस और प्रशासनिक जिम्मेदारों के संज्ञान में था, एक खतरनाक अपराधी जेल से छूटा है फिर भी इस पूरे मामले में सतर्कता नहीं बरती गई और ना ही इस दिशा में कोई कार्रवाई की गई, जिसके चलते डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। लोगों में घटना के बाद से काफी आक्रोश है। आला अफसरों ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस कप्तान शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित को शीघ्र कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।