तिगरी मेला की सुरक्षा व्यवस्था परखने ADG रमित शर्मा पहुंचे अमरोहा ! DIG अजय साहनी संग किया विजिट ! गंगा घाटों समेत समूचे मेला क्षेत्र का किया जोन प्रमुख ने इंस्पेक्शन ! श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार नहीं होगा बर्दाश्त
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। अतिसंवेदनशील तिगरी मेला की सुरक्षा तैयारियां परखने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा मुरादाबाद परिक्षेत्र अंतर्गत अमरोहा जनपद पहुंचे। मुरादाबाद रेंज के नए डीआईजी अजय साहनी संग जोन पुलिस मुखिया रमित शर्मा ने तिगरी मेला क्षेत्र का भ्रमण करके पुलिस प्रशासन के होम वर्क की हकीकत जानी। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पे आयोजित होने वाला ऐतिहासिक राजकीय तिगरी मेला सकुशल व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मंशा से एडीजी ने एक एक सुरक्षा एंगिल पे नजर दौड़ायी। जोन प्रमुख ने मेला परिसर, विभिन्न गंगा घाट, पार्किंग स्थल, रूट डायवर्जन व्यवस्था, मेला कोतवाली, कंट्रोल रूम आदि चेक किये। मेले की सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का जायजा लेते हुए एडीजी ने कप्तान व अन्य जिम्मेदारों को कड़े दिशा निर्देश दिए हैं। मेला परिसर के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर जोन प्रमुख ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस जनों को ब्रीफ किया। एडीजी ने कड़े लहजे में कहा कि ड्यूटी पे तैनात एक एक पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं संग पूर्ण शालीनता, संवेदनशीलता एवं सेवाभाव के साथ व्यवहार करें। मेला स्थल पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी पुलिस प्रबंधन, सुगम यातायात व्यवस्था व श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सालय आदि के बाबत संबंधित विभागों से आवश्यक समन्वय स्थापित करके पहले ही समस्त कार्यवाही सुनिश्चित कर लें। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीम, रेस्क्यू बोट्स, लाइफ जैकेट, फायर सर्विस की गाड़ियाँ 24 घंटे एक्टिव रहें। असामाजिक तत्वों से निपटने को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कड़ी निगरानी रखी जाए। एडीजी के दौरे के दौरान नवागत डीआईजी मुरादाबाद रेंज अजय साहनी, कप्तान अमरोहा लखन सिंह यादव, एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया, सीओ नौगावां सादात अवधभान भदौरिया, सीओ हसनपुर पंकज त्यागी, सीओ धनौरा अंजली कटारिया, मेला प्रभारी बालेन्द्र सिंह आदि जिम्मेदार मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।