फील्ड के ताबड़तोड़ दौरे पे डीजी पीसी मीना ! निर्माणाधीन नवीन जेलों के निर्माण कार्यों की जानी प्रगति ! जेलों में रेंडम इंस्पेक्शन के दौरान चलवाया सर्च ऑपरेशन
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। डीजी कारागार यूपी पीसी मीना फील्ड के ताबड़तोड़ दौरे पर हैं। उत्तर प्रदेश में विभिन्न निर्माणाधीन नवीन जेलों में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति और जेलों में प्रशासनिक सिस्टम में क्या कुछ चल रहा है? इसका आंखों देखा हाल जानने शनिवार में मीना ने केंद्रीय कारागार वाराणसी, जिला कारागार वाराणसी, जिला कारागार ज्ञानपुर भदोही का औचक निरीक्षण किया। एक दिन पहले ही मीना जौनपुर जेल की व्यवस्थाएं चेक करने पहुंचे थे। केंद्रीय कारागार वाराणसी में निरीक्षण के दौरान काष्ठ कला एवं लौह उद्योग, नवनिर्मित वीडियो वॉल, पीसीओ, विभिन्न सर्किलों की बैरकों, पाकशाला, कारागार अस्पताल, बेकरी इकाई एवं गौशाला का डीजी ने अवलोकन किया। बंदियों से संवाद कर उनके मुकदमों, हेल्थ, भोजन की गुणवत्ता के बाबत जानकारी ली। उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी मालूमात की। मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं को भी मीना ने चेक किया। मुख्य प्राचीर मेनवॉल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं प्रकाश व्यवस्था का परीक्षण किया। सुरक्षा सुदृढ़ीकरण के संदर्भ में चर्चा हुई। महानिदेशक मीना ने कारागार की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं रोजगारपरक औद्योगिक गतिविधियों की सराहना की। जिला कारागार वाराणसी में मुख्यद्वार पर डीजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बायोमैट्रिक आरएफआईडी गार्ड पेट्रोलिंग प्रणाली, महिला सदन, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, नियंत्रण कक्ष की वीडियो वॉल, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, बैरकों की तलाशी एवं कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण कर डीजी ने दिशा निर्देश दिए। महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं न्यायालयीन कार्यवाहियों की जानकारी ली। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को खिलौने एवं चॉकलेट वितरित किए। जिला कारागार ज्ञानपुर भदोही में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, बैरकों की परेड एवं तलाशी, पाकशाला, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा बंदियों की ओर से निर्मित कालीन इकाई का अवलोकन किया। बंदियों से भोजन, मुलाकात, पेशी एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। महिला बंदियों को फल वितरित किए। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव एवं अभिषेक सिंह को विभिन्न बिन्दुओं पे डीजी ने दिशा निर्देश दिए हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।