सहसवान में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, दो घंटे से हाईवोल्टेज ड्रामा
आपसी विवाद से नाराज होकर उठाया कदम, नीचे उतारने में जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड; मौके पर उमड़ी भारी भीड़
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान सहसवान कोतवाली क्षेत्र की डाक बंगला कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आपसी विवाद से नाराज एक युवक अचानक ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक किसी आपसी झगड़े से नाराज था। देखते ही देखते वह पानी की टंकी के ऊपर जा चढ़ा और काफी समझाने के बावजूद नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। करीब दो घंटे से अधिक समय से युवक टंकी पर ही मौजूद बताया जा रहा है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर के जरिए लगातार युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस उससे बातचीत कर पूरे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश में जुटी है।
वहीं, युवक के टंकी पर चढ़े होने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। कई लोग अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए।
फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम युवक को सकुशल नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।