पटेल चौक पर माल्यार्पण कर सरदार बल्लभभाई पटेल को किया नमन
जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़ | अजय रस्तोगी

नवाबगंज (बरेली)। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती नवाबगंज कस्बे के पटेल चौक पर बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य समेत तमाम जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्ष, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
इस दौरान विधायक डॉ. एमपी आर्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लेखराज गंगवार, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा प्रेमलता राठौर, चेयरमैन प्रतिनिधि नीरेंद्र सिंह राठौर, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह गंगवार, रोहित गंगवार, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिला अध्यक्ष अखिलेश गंगवार, नत्थू लाल आर्य, हरपाल सिंह गंगवार, सौरभ कटियार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। पटेल चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।