स्वगणना को लेकर यूपी के बरेली DM एक्टिवमोड में ! ताबड़तोड़ बैठकों में जनगणना-2027 के सेकंड फेज की कामयाबी पे कलेक्टर का विशेष फोकस ! विकास भवन में अफसरों को खास निर्देश तो कलेक्ट्रेट में मीडिया संग संवाद किया IAS अविनाश सिंह ने
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।जनगणना 2027 के सेकण्ड फेज की सफलता के लिए यूपी के बरेली डीएम अविनाश सिंह एक्टिवमोड में हैं। घरों की गणना के बाद अब लोगों की गणना का कार्य युद्धस्तर पर होने जा रहा है। स्वगणना का काम शत प्रतिशत हो सके, इसके लिए आईएएस अविनाश सिंह ने बरेली में गुरुवार में ताबड़तोड़ बैठकें आयोजित कीं। विकास भवन में अफसरों संग व कलेक्ट्रेट में मीडिया संग संवाद बैठक की। मीडिया के जरिये आम आदमी तक जनगणना के क्रम में स्वगणना को लेकर व्यापक प्रचार प्रसार हो सके, इसी मंशा के तहत डीएम ने मीडिया जनों से अपील की है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय अभियान की जागरूकता में जिला प्रशासन के सहयोगी बनें। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण एवं स्वगणना अभियान के व्यापक प्रचार प्रसार व आमजन को स्वगणना करने के लिए प्रोत्साहित करने पे डीएम का खास फोकस रहा। 16 से 30 नवम्बर तक चलने वाले स्वगणना अभियान एवं पहली दिसम्बर 2026 से चार जनवरी 2027 तक होने वाले घर घर जनसंख्या गणना कार्य की सभी बारीकियाँ मीडिया से साझा की गयीं। डेमो के जरिये स्वगणना की विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम बोले कि जनगणना महज जनसंख्या की गणना का कार्य ही नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े देश, प्रदेश की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों, सार्वजनिक सुविधाओं के नियोजन का महत्त्वपूर्ण आधार बनते हैं। ऐसे में जनगणना 2027 में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद अहम है। आईएएस अविनाश सिंह ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न किया जा चुका है। अब द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य किया जाना है। उत्तर प्रदेश में 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर खुद अपने एवं अपने परिवार की जानकारी लोग दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना पूर्ण होने पे प्राप्त पहचान संख्या सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब प्रगणक घर पहुंचें तो उन्हें यह SE ID उपलब्ध कराएं, जिससे सत्यापन किया जा सके। पहली दिसम्बर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर घर जाकर प्रगणक जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। डीएम ने मीडिया व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने की विशेष अपील की है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।