बड़े लाट साहब व छोटे लाट साहब जुलूसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी, डीआईजी ने की समीक्षा बैठक ! शाहजहाँपुर शहर में आला अफसरों की फुट पेट्रोलिंग, डीएम-कप्तान संग जुलूस रुट किये चेक
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। होली पर संवेदनशील जुलूसों को लेकर प्रदेश शासन, पुलिस मुख्यालय खासी संजीदा है। एडीजी रमित शर्मा व डीआईजी अजय साहनी ने शनिवार में यूपी के शाहजहाँपुर जिले का रूख किया। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने बड़े लाट साहब, छोटे लाट साहब जुलूसों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। दोनों आला अफसरों ने डीएम धर्मेंद्र सिंह व कप्तान राजेश द्विवेदी संग जुलूस रुटों का विजिट किया। शाहजहाँपुर सिटी में मुख्य बाजार में फुट पेट्रोलिंग की। पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में समीक्षा बैठक के दौरान एडीजी व डीआईजी ने प्रदेश शासन की लॉ एंड ऑर्डर के बाबत स्पष्ट जीरो टॉलरेंस पॉलिसी का हवाला देते हुए कहा है कि जुलूसों की संवेदनशीलता पे पूरा फोकस किया जाए। पर्याप्त फोर्स तैनात हो। रूफ टॉप ड्यूटी से लेकर खुफिया तंत्र की सक्रियता, सिविल ड्रेस में पुलिस ड्यूटी पर पूरा ध्यान रहे। जुलूसों में नयी परंपरा ना पड़े। रुट विवाद ना हो। बदअमनी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कड़ी निगरानी रहे। होलिका स्थलों पर समय रहते पुलिस बल तैनात किया जाए। जुलूस आयोजकों का पूरा ब्यौरा रहे। जनपद शाहजहांपुर में होली के मौके पर निकलने वाले बड़े लाट साहब, छोटे लाट साहब जुलूस काफी संवेदनशील माने जाते हैं। पूर्व में कई जुलूसों के दौरान विभिन्न तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, इसी संवेदनशीलता को देखते हुए हर साल आला अफसर पुलिस प्रबंधन, कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक करते आए हैं। शनिवार में एडीजी और डीआईजी ने जिलेभर के थानेदारों, सर्किल अधिकारियों समेत राजपत्रित अफसरों संग शाहजहाँपुर में समीक्षा करते हुए महत्त्वपूर्ण बिन्दुओं पर दिशा निर्देश दिए हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज )।